चौधरी जाकिर हुसैन को मिला समर्थन, मालब के शाहिद हुसैन गोरवाल ने कांग्रेस से बनाई दूरी।
-20 साल बाद राजनीतिक रुख बदला, नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद को लगा झटका
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह खंड की राजनीति में मालब गांव के पंचायत समिति सदस्य शाहिद हुसैन गोरवाल ने कांग्रेस पार्टी से दूरी बनाते हुए भाजपा नेता चौधरी जाकिर हुसैन को अपना समर्थन दे दिया है। यह कदम नूंह विधानसभा की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
करीब 20 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहे शाहिद हुसैन गोरवाल मालब क्षेत्र में पंचायत और सामाजिक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वह वर्तमान में पंचायत समिति के सदस्य हैं और आने वाले समय में सरपंच पद के भावी उम्मीदवार भी माने जा रहे हैं। क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ और जनसंपर्क है, जिसके चलते स्थानीय राजनीति में उनकी भागीदारी अहम रही है।
शाहिद हुसैन गोरवाल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने फिलहाल भाजपा की औपचारिक सदस्यता नहीं ली है। उन्होंने सिर्फ क्षेत्र के हितों और विकास को ध्यान में रखते हुए चौधरी जाकिर हुसैन को अपना समर्थन दिया है। उनके अनुसार चौधरी जाकिर हुसैन विकास को लेकर गंभीर हैं और जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को लगातार उठाते रहे हैं, यही कारण है कि उन्होंने उन्हें समर्थन देने का निर्णय लिया।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि शाहिद हुसैन गोरवाल का समर्थन मिलने से चौधरी जाकिर हुसैन की स्थिति मालब और आसपास के इलाकों में मजबूत होगी। इसे आगामी पंचायत चुनावों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। वहीं यह कदम नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि शाहिद हुसैन लंबे समय तक उनके करीबी माने जाते थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाहिद हुसैन गोरवाल के समर्थन देने को सकारात्मक कदम बताया है। आने वाले दिनों में उनके राजनीतिक रुख और भूमिका पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
