आठ एमएम बारिश से ठंड बढी, रबी फसलों को हुआ फायदा
-कनीना विकास खंड में इस बार सरसों की होगी अधिक पैदावार
City24News/सुनील दीक्षित
कनीना | शुक्रवार अल सुबह से कनीना क्षेत्र में रूक-रूक कर हुई आठ एमएम बारिश से रबी फसलों को फायदा हुआ है। जिसे देखकर किसानों के चेहरे खुशी से लोटपोट हो गए हैं। माना जा रहा है कि फसल बिजाई के बाद यह पहली बरसात है जिससे मौसम में ठंड बनी है वहीं वनस्पति में रौनक छा गई है। बता दें कि कनीना विकास खंड में इस बार गेहूं की बजाय सरसों की बुआई अधिक रकबे में की गई है। फिलहाल सरसों पर पीले फूल खिलने से धरती पीत रंग में रंगी हुई प्रतीत हो रही है। कृषि विभाग के उपमंडल अधिकारी डॉ अजय यादव ने बताया कि कनीना खंड में करीब 33 हजार हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि में से करीब 18 हजार हेक्टेयर भूमि पर सरसों की बिजाई की गई है जबकि उससे आधे रकबे, करीब 9 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की बिजाई मानी जा रही है। बाकी रक्बे में आलू, मटर, गाजर, मूली, हरी मिर्च, चना,जौ व हरा चारा की पैदावार की गई है। उन्होंने बताया कि बारिश के चलते क्षेत्र में दिन व रात्रि के तापमान में गिरावट आई है।
उन्होने बताया कि हरियाणा के कई जिलों में बारिश ने ठंडक ला दी है। बारिश शुरू होने के बाद शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में बिजली सप्लाई गुल हो गई। गुरुवार को दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत जरूर मिली थी। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 23 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की उम्मीद है। शाम होते होते कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इधर गणतंत्र दिवस के मौके पर मौसम साफ लेकिन ठंडा रहने के आसार हैं। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में तापमान गिरा सकती हैं। 24 जनवरी तक मौसम में हलचल रहने की संभावना जताई है। हल्की बारिश के साथ-साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से शीतलहर चलने की संभावना है।
