भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ज़ाकिर हुसैन ने अपनी धर्मपत्नी नसीमा हुसैन एडवोकेट के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और उनके स्वस्थ व सफल कार्यकाल की कामना की।
मुलाकात के दौरान वातावरण अत्यंत सौहार्दपूर्ण रहा। प्रदेश के समग्र विकास, सामाजिक समरसता तथा सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा हुई। ज़ाकिर हुसैन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के अनुरूप कार्य कर रही है और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की पहल सराहनीय है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ज़ाकिर हुसैन एवं नसीमा हुसैन का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें भी नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा को प्रगति के नए आयामों तक पहुँचाने के लिए सभी वर्गों के सहयोग से सरकार निरंतर कार्य करती रहेगी।
नववर्ष के अवसर पर हुई यह शिष्टाचार भेंट आपसी सद्भाव, सहयोग और समावेशी विकास की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश देती।
