उपायुक्त अखिल पिलानी ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, समय रहते सुरक्षा कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

0

City24News/अनिल मोहनिया 
नूंह | जिला नूंह में आगामी मानसून के मद्देनज़र बाढ़ से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उपायुक्त अखिल पिलानी ने बुधवार को प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुन्हाना खंड के गांव सिरौली, तुसैनी, जवैंत, नीमका तथा फिरोजपुर झिरका खंड के गांव रावली सहित अन्य संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावित कार्यों, जल निकासी व्यवस्था, नालों व जल प्रवाह मार्गों की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बाढ़ सुरक्षा योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि मानसून के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की जन-धन हानि से बचा जा सके।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में पहले से ठोस योजना बनाकर कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की समस्या वाले स्थानों की पहचान कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक मशीनरी, पंप सेट व अन्य संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग आफताब अहमद, कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग (मैकेनिकल) हितेश, एसडीओ मैकेनिकल राहुल, एसडीओ सिविल गजराज, जयदेव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उपायुक्त को प्रस्तावित बाढ़ नियंत्रण कार्यों की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ से संबंधित किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *