बहुमत की सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना कांग्रेस की हताशा -प्रो. रामबिलास शर्मा
-विधान सभा के विंटर सेशन में कांग्रेस ने तीसरी बार चली-चाल
City24News/सुनील दीक्षित
कनीना | भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री प्रोफेसर रामविलास शर्मा ने कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को हताशा और निराशा का प्रतीक बताया है। उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा कि पहले से ही स्पष्ट था कि संख्या बल के अभाव में कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव पारित नहीं हो सकता। लेकिन उनकी ओर से विधान सभा के विंटर सेशन में यह चाल-चली गई है जो किसी भी तरह से सिरे नहीं चढ़ पायेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा पिछले पांच वर्षों में तीसरी बार हरियाणा की भाजपा सरकार के खिलाफ सदन में लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गिर गया है। यह कांग्रेस की हताशा, निराशा और लगातार गिरते जनाधार को दर्शाता है, जिससे स्पष्ट होता है कि जनता बार-बार कांग्रेस को नकार रही है। कांग्रेस पार्टी की नीतियां जनविरोधी रही हैं।
प्रो. शर्मा ने कहा कि हरियाणा के इतिहास में यह पहली बार है जब प्रदेश की जनता ने लगातार तीसरी बार एक ही पार्टी को पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता सौंपी है। वर्ष 1966 में हरियाणा के गठन के बाद अब तक कोई भी सरकार लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाई थी, लेकिन भाजपा ने जनता के आशीर्वाद एवं विश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने दावा किया कि जनता के आशीर्वाद से भविष्य में भी भाजपा चौथी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। प्रो. शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक भाजपा ने केंद्र और हरियाणा में समाज के हर वर्ग के हित में कार्य किया है, जिसका प्रमाण बार-बार मिल रहे जनादेश हैं।
आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्ष 2005 में पूर्ण बहुमत से सत्ता में आई थी, लेकिन 2014 में जनता ने उसे मात्र 15 सीटों तक सीमित कर दिया। इसके विपरीत भाजपा ने वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में 2014 की तुलना में एक सीट अधिक जीतकर अपनी बढ़ती लोकप्रियता को साबित किया है।
कनीना-पीपी साईज फोटो प्रो रामबिलास शर्मा।
