पुनहाना रोडवेज बस स्टैंड की रोडवेज बसें सड़कों पर फर्राटा भर रही यात्रियों को मिल रही सभी सुविधाएं
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | पुनहाना रोडवेज बस स्टैंड से यात्रियों के लिए लगातार बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खासकर स्कूली बच्चों, दैनिक यात्रियों और दूर-दराज जाने वाले लोगों के लिए रोडवेज की बसें तय समय पर फर्राटा भर रही हैं।
सुबह 4:40 बजे पुनहाना से चंडीगढ़ के लिए पहली बस रवाना होती है, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी राहत मिल रही है। इसके बाद सुबह 6:30 बजे नूंह के लिए दूसरी बस सेवा उपलब्ध है।
वहीं सुबह 7:00 बजे पुनहाना से नूंह, और 7:15 बजे पुनहाना से वाया कोट–उटावड़ नूंह के लिए बस नियमित रूप से चलाई जा रही हैं।
इसके अतिरिक्त, पुनहाना से वाया तिगांव–फिरोजपुर झिरका होते हुए अलवर तक की बस सेवा क्षेत्रीय यात्रियों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। खास बात यह है कि बालिका वाहिनी में तीन बसें भी लगातार संचालित की जा रही हैं, जिससे छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।
जीएम रोडवेज कुलदीप जांगड़ा के कार्यभार संभालने के बाद रोडवेज व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है। उनके नेतृत्व में यात्रियों, विशेषकर स्कूली बच्चों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। हर रूट पर रोडवेज की बसें समय पर चल रही हैं, जिससे जनता में संतोष और विश्वास बढ़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोडवेज की यह मजबूत व्यवस्था क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभा रही है और यात्रियों को निजी साधनों पर निर्भरता से राहत मिली है।
