महिला महाविद्यालय उन्हाणी में स्थापित होगा स्वचालित मौसम प्रणाली केंद्र
City24News/सुनील दीक्षित
कनीना | भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान, आईआईटीएम पुणे के साथ समझौता होने के बाद स्वचालित मौसम प्रणाली केंद्र महिला महाविद्यालय उन्हानी में स्थापित होगा। बता दें कि भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, भारत सरकार का एक स्वायत्तसाशी संस्थान है। स्वचालित मौसम केंद्र वायु की गति, दिशा, तापमान, नमी तथा प्रति घंटा रेनफॉल व मौसम संबंधी महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र करता है। इन आंकड़ों के आधार पर क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान अधिक सटीक रूप से तैयार किए जाते हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विक्रम सिंह व मौसम विज्ञान संस्थान के प्रोजेक्ट डायरेक्टर चारा प्रभाकरन तथा प्रोजेक्ट इन्वेस्टिगेटर डॉ. शिव साई की ओर से इस मसौदे पर हस्ताक्षर किए गए हैं। वैज्ञानिकों ने समझौते की प्रति प्राचार्य डॉ. विक्रम सिंह को सौंपते हुए स्थापना प्रक्रिया की आगामी रूपरेखा साझा की। महेंद्रगढ़ जिले के लिए इस मौसम वैज्ञानिक प्रणाली को ऐतिहासिक रूप में देखा जा रहा है। स्वचालित मौसम केंद्र शिक्षा व शोध कार्यों को भी गति मिलने की संभावना है। साथ ही स्थानीय मौसम संबंधी आंकड़ों की उपलब्धता से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के मौसम का अध्ययन और अधिक सुगमता से किया जा सकेगा। जलवायु परिवर्तन पर निगरानी रखने तथा किसानों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति समय रहते सावधान करने में यह केंद्र बेहद उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण फसल को होने वाले नुकसान से बचाने व खराबे का आकलन करने की दिशा में इस संयंत्र की अहम भूमिका होगी।
कनीना- स्वचालित मौसम प्रणाली केंद्र स्थापित करने को लेकर दस्तावेज सौंपते वैज्ञानिक |
