ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में एचएसईबी वर्कर यूनियन ने किया दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन
-बिजली कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
City24News/सुनील दीक्षित
कनीना | सरकार द्वारा शुरू की गई ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के क्रियान्वयन को लेकर एचएसईबी वर्कर यूनियन विरोध में उतर गई है। इस बारे में एडहॉक कमेटी के सदस्य एवं पूर्व सर्किल सचिव रामरतन शर्मा ने बताया कि सरकार की इस पॉलिसी को लेकर कर्मचारियों की केंद्रीय समिति ने हरियाणा सरकार के एसीएस को पत्र भेज कर ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के नकारात्मक पहलू बताए थे। पाॅलिसी वापस न लेने पर उनकी ओर से विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी गई थी। सरकार द्वारा उक्त पॉलिसी लागू करने को लेकर शुक्रवार से छह चरणों में कर्मचारियों द्वारा प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर से कर्मचारी दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन शुरू करेगें। कनीना के 132 केवी पावर ग्रिड सब स्टेशन कार्यालय परिसर में सब यूनिट स्तर पर 16 दिसंबर तक सुबह 10 से 12 बजे तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसी प्रकार यूनिट स्तर पर 17 से 19 दिसंबर तक, 23 दिसंबर को सर्किल, 30 दिसंबर को विद्युत सदन पंचकूला, 7 जनवरी को विद्युत सदन हिसार व 20 जनवरी को एससीएस विद्युत पंचकूला में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। सब यूनिट कार्यालय कनीना में शुक्रवार को दो घंटे का विरोध प्रदर्शन किया गया जिसमें बिजली कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
कनीना-ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में विरोध प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी।
