कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली’ में नूंह से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जाएंगे दिल्ली, 14 दिसंबर की तैयारी पूरी
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली को लेकर हरियाणा कांग्रेस पूरे एक्शन मोड में नज़र आ रही है, दक्षिण हरियाणा के नूंह जिले से कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद ने गुरुवार को जिला मुख्यालय नूंह पर अपने निवास पर बैठक का आयोजन किया। बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ता हजारों की संख्या में पहुंचे थे, इस दौरान पीसीसी सदस्य चौधरी महताब अहमद विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली के लिए विधायक आफताब अहमद ने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी, अकेले नूंह विधानसभा से 5000 कांग्रेसी दिल्ली रवाना होने का अनुमान है।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोर गद्दी छोड़ रैली है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को रैली में चलने के लिए उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का नारा चल रहा है। आफताब अहमद ने आरोप लगाया कि भाजपा पूरे देश में सरकारें बनाने के लिए वोट चुराने का अभियान चला रही है।
विधायक आफताब अहमद ने आगे आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा है और भाजपा देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की।
विधायक आफताब अहमद ने वर्तमान सरकार की नीतियों की आलोचना की और कहा कि यह रैली लोकतंत्र की वापसी और परिवर्तन की शुरुआत का प्रतीक होगी।
पीसीसी सदस्य चौधरी महताब अहमद ने कहा कि
वर्तमान केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को लगातार कुचल रही है। देश की आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों से कराह रही है, लेकिन सरकार जनता की बात सुनने के बजाय सत्ता के अहंकार में चूर है। अब समय आ गया है कि देश का हर नागरिक अपनी आवाज बुलंद करे और “वोट चोर गद्दी छोड़” का स्पष्ट संदेश दें।
