नूंह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के विरोध में निकाला कैंडल मार्च, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

0

City24news/अनिल मोहनिया 
नूंह | कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम नूंह में कैंडल मार्च निकालकर हरियाणा में कथित वोट चोरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। 

यह कैंडल मार्च नूंह विधायक आफताब अहमद की अध्यक्षता में पुरानी बस स्टैंड से लेकर होडल चौक तक निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में बने रहने के लिए लोकतंत्र की मूल भावना को ठेस पहुंचाई है।

नूंह कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शाहिदा खान ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा में हुई वोट चोरी का खुलासा किया है, जिससे साफ होता है कि चुनावों में ईमानदारी से अधिक सत्ता की लालसा हावी रही। 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता की आवाज सबसे महत्वपूर्ण होती है, लेकिन अगर वोट ही चोरी हो जाएं तो लोकतंत्र कमजोर हो जाता है।

वहीं नूंह विधायक आफताब अहमद ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए जो सच्चाई उजागर की है, वह चिंताजनक है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर हरियाणा में वोटों की चोरी कर बेईमानी से सरकार बनाई। 

विधायक आफताब अहमद ने कहा कि अब मुख्यमंत्री को चाहिए कि वह तत्काल नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें, ताकि लोगों का विश्वास लोकतंत्र पर कायम रह सके।

आफताब अहमद ने कहा कि भाजपा की कथित वोट चोरी का पर्दाफाश राहुल गांधी ने कर दिया है, इसलिए पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता इस साजिश के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

भारतीय जनता पार्टी का पक्ष

वहीं दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी के नेता रमेश मानूवास ने कांग्रेस के इन आरोपों को बेबुनियाद और राजनीतिक स्टंट करार दिया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा, इसलिए वह निराधार आरोप लगाकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। भाजपा नेता का कहना है कि हरियाणा में हुए चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी थे, जिनमें जनता ने विकास और सुशासन के नाम पर भाजपा को समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *