हरियाणा को हरा-भरा, स्वच्छ और समृद्ध बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध: नायब सिंह सैनी

-नमो वन कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान को समर्पित: विपुल गोयल
समाचार गेट/संजय शर्मा
फरीदाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकास और पर्यावरण, एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। एक के बिना दूसरा अधूरा है। आज फरीदाबाद में आयोजित यह मेगा पौधारोपण अभियान उसी संतुलित विकास की दिशा में एक और निर्णायक कदम है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन इस धरती पर जीवन के अस्तित्व के लिए एक खतरा है। इसलिए आज वन विकास और वृक्षारोपण समय की जरूरत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 5 जून, 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली के बुद्धा जयंती पार्क में पौधारोपण करते हुए एक पेड़ मां के नाम से एक अनूठा अभियान शुरू किया था। इस अभियान के अंतर्गत हरियाणा प्रदेश में एक पेड़ मां के नाम के पहले चरण में हरियाणा में 1 करोड़ 60 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन हमने लक्ष्य से बढक़र 1 करोड़ 87 लाख पौधे लगाकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेवारी निभाई है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा शहरी स्थानीय निकाय श्री मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नमो वन कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान को समर्पित है। उन्होंने बताया कि जिस ग्रीन बेल्ट पर यह नमो वन बनाया जा रहा है। यहां पहले काफी कूड़ा था जिससे प्रशासन के सहयोग से साफ करवाकर नमो वन के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नमो वन महाअभियान के तहत 3.50 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। वहीं आने वाले समय में फरीदाबाद जिला की पूरी सीमा तक ग्रीन बेल्ट में 20 लाख से अधिक पौधे लगाकर जिले वासियों के लिए ऑक्सीजन चैंबर बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में खाद्य एवं आपूर्ति उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए एक पेड़ मां के नाम अभियान में आहुति डालने के लिए फरीदाबाद में नमो वन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। पूरे फरीदाबाद को लाखों पौधे लगाकर हरा भरा बनाया जाएगा।
इस अवसर पर बल्लभगढ़ से विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री मूलचंद शर्मा, मेयर श्री प्रवीण बत्रा जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री पंकज रामपाल, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री राजीव जेटली, सहित अधिकारीगण और अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।