नूंह की छात्राओं ने किया शैक्षिक भ्रमण, राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र और लाल किला देखा

City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | जिला उपायुक्त अखिल पिलानी के कुशल नेतृत्व में सोमवार को खंड स्तर के पांच राजकीय कन्या विद्यालयों की लगभग 250 छात्राओं ने नई दिल्ली का शैक्षिक भ्रमण किया।
छात्राओं ने सबसे पहले राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र का दौरा किया, जहां उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनों, तकनीकी जानकारियों और नवीन प्रयोगों का अवलोकन किया। इसके बाद छात्राओं ने लाल किले का भ्रमण कर देश की ऐतिहासिक धरोहर और स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं से अवगत हुईं।
डिप्टी सीईओ, मेवात डेवलपमेंट एजेंसी अशोक कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग और मेवात डेवलपमेंट एजेंसी के सहयोग से यह शैक्षिक यात्रा आयोजित की गई। इस भ्रमण में प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 9वीं से 12वीं तक की 50 छात्राओं को शामिल किया गया।
नोडल अधिकारी रामकिशन आर्य ने जानकारी दी कि फिलहाल खंड स्तर पर कन्या विद्यालयों की छात्राओं को इस भ्रमण में शामिल किया गया है। आने वाले दिनों में जिले के अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं और ऐतिहासिक स्थलों का दौरा करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान मेवात डेवलपमेंट एजेंसी की ओर से बसों और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था की गई।