महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण पहल है दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना : जान मोहम्मद

– योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2100 रूपए
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को पंचकूला से ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत की। इस योजना का उपमंडल तावडू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाइव प्रसारण दिखाया गया।
इस कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष जान मोहम्मद ने “दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना” के लाइव प्रसारण में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। जिला परिषद अध्यक्ष जान मोहम्मद ने कहा कि “दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना” महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन स्तर को उन्नत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को बताया कि इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रूपए की वित्तीय सहायता मिलेगी जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को वित्तीय सुरक्षा मिलेगी और वे समाज में अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी। हमारा लक्ष्य है कि तावडू उपमंडल की हर महिला को योजना का लाभ मिले, उन्हें कोई बाधा न हो, और इस प्रकार हम क्षेत्र में सामाजिक सुधार एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करें।
समारोह के दौरान महिलाओं को आवश्यक दस्तावेज़ व पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कई महिलाओं ने मौके पर ही ज़रूरी फॉर्म भरे और प्रभारी अधिकारियों ने उनकी सहायता की।
उन्होंने कहा कि यह योजना उन महिलाओं के लिए है जिनकी उम्र 23 साल या उससे अधिक है। इसका लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनके परिवार की सालाना आय 1 लाख रूपए से कम है। इसके अलावा जो महिलाएं या उनके पति किसी अन्य राज्य से शादी के बाद हरियाणा में 15 साल से स्थायी रूप से रह रहे हैं वे भी इस योजना का फायदा उठा सकती हैं। प्रत्येक पात्र महिला दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के ऐप पर अपनेआवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर, ऑनलाइन/ऑफलाइन पंजीकरण कर सकती है। यह पहल स्थानीय स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाएगी और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाएगी। इस दौरान स्वास्थ्य कैंप लगाकर महिलाओं की स्वास्थ्य जांच भी की गई और मुख्य अतिथि ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर सोहना से विधायक तेजपाल तंवर एसडीएम जितेंद्र कुमार गर्ग तथा जिला परिषद के उप अध्यक्ष शब्बीर अहमद, नगर पालिका तावडू की अध्यक्ष सुनीता सोनी, क्षेत्रीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिलाओं के स्वयं सहायता समूह और स्थानीय जनता की भागीदारी रही।