हॉट स्पॉट पर लोगों के हृदय परिवर्तन के लिए चलाया अभियान


-लौटे में नमक डलवाकर कराई प्रतिज्ञा: न नशा करेंगे और न बेचेंगे
समाचार गेट/आकाश दीप
घरौंड़ा/करनाल। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो का संकल्प “नशे के विरुद्ध युद्ध” एक आंदोलन का रूप ले चुका है जो प्रदेश के गाँव और शहर में युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। इस कड़ी में नमक लौटा अभियान लोगों के हृदय को परिवर्तन करने का सशक्त साधन बनकर सामने आया है। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो प्रमुख/ पुलिस महानिदेशक श्री ओपी सिंह के स्वप्न को साकार करने के लिए उनके दिशानिर्देशों से आज करनाल के विभिन्न हॉट स्पॉट पर नशे के विरुद्ध अभियान चलाया गया। ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक श्री मोहित हांडा और पुलिस अधीक्षक सुश्री पंखुड़ी कुमार के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम हो रहे हैं। जागरूकता अभियान के पुलिस उपाधीक्षक श्री गजेंद्र सिंह की देखरेख में ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा साइकिल के साधन का प्रयोग करते हुए इस अभियान को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। आज विशेष रूप से करनाल में नशे के विरुद्ध आंदोलन चलाया गया। करनाल ब्यूरो इकाई प्रभारी विरेन्द्र सिंह का दल इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पहुंचा जिसमें सहायक उप निरीक्षक कुलदीप सिंह और सिपाही प्रवीण ने भाग लिया। करनाल के चिन्हित हॉट स्पॉट पर डींगर माजरा गामड़ी, गढ़ी भरल और डेरा संजय नगर में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम किया। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में करनाल इकाई के सहायक उप निरीक्षक कुलदीप सिंह और सिपाही प्रवीण ने इस कार्य में सहभागिता की। तीनों स्थानों पर मुख्यालय से आए जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ अशोक कुमार वर्मा ने उपस्थित समूह को सम्बोधित करते हुए बताया कि ये बस्तियां हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित है। भारत सरकार का उद्देश्य भारत को नशा मुक्त करना है। दोनों प्रकार से कार्य किये जा रहे हैं। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि ब्यूरो द्वारा वर्ष 2023 में 3823 अभियोग अंकित कर 5930 अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चूका है जबकि वर्ष 2024 में 3330 अभियोगों में 5328 नशा तस्करों को सलाखों का मार्ग दिखाया गया है। इस वर्ष जनवरी से जून तक 1858 अभियोग अंकित करके 3051 अपराधियों को कारागार तक पहुँचाया गया है। इतना ही नहीं इस वर्ष नशा तस्करी में संलिप्त 87 लाख की संपत्ति जब्त की गयी है। उन्होंने आगे बताया कि नशे को समूल नष्ट करने के लिए दूसरा कार्य जागरूकता का किया जा रहा है ताकि कोई व्यक्ति नशे की दलदल में न चला जाए। इसीलिए जागरूकता अति आवश्यक है। उन्होंने कहा भारत को ड्रग फ्री करने के लिए सरकार ने 1933 अथवा NCB MANAS पोर्टल अथवा हरियाणा के लिए 9050891508 जारी किया है। इस पर कोई भी व्यक्ति नशे के विरुद्ध गुप्त सूचनाएं देकर सच्चे नागरिक का कर्तव्य निर्वहन कर सकता है। सूचना देने वाले का नाम पूर्णत्या गुप्त रखा जाएगा। इतना ही नहीं नशा छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति भी इस नंबर पर सम्पर्क कर सकते हैं। डॉ. वर्मा ने बताया कि ब्यूरो द्वारा 572 लोगों को नशा मुक्त किया जा चुका है। महिलाओं ने बताया कि वे अपने क्षेत्र को नशा मुक्त करना चाहते हैं और सहयोग भी करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत हृदय परिवर्तन की सोच के साथ लोगों से लोटे में नमक डलवाया गया। लोटे में नमक डालते हुए लोगों ने कहा कि वे न नशा बेचेंगे और न ही सेवन करेंगे।