शिबू सोरेन के निधन पर पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

0

समाचार गेट/संजय शर्मा
फरीदाबाद
। एनआईटी फरीदाबाद से विधायक रहे नीरज शर्मा ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता गुरुजी शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने गुरुजी को देश की राजनीति का मजबूत स्तंभ बताते हुए उन्हें संघर्ष, सादगी और समर्पण की प्रतिमूर्ति कहा।

नीरज शर्मा ने कहा,

“गुरुजी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन की आत्मा थे। उन्होंने झारखंड को एक अलग राज्य का दर्जा दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी विचारधारा और संघर्ष सदा अमर रहेगा।”

गुरुजी के साथ बिताए पलों को किया साझा
भावुक नीरज शर्मा ने गुरुजी के साथ बिताए कई व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि जब वे रांची में मुख्यमंत्री सचिवालय में OSD थे, तब गुरुजी ने उन्हें एक बेटे की तरह स्नेह दिया। उन्होंने कई बार गुरुजी के साथ घर जैसा माहौल महसूस किया—दोपहर का घरेलू भोजन, प्याज़ के पकौड़े, और रांची की सहज सादगी, सभी पल आज स्मृति बन चुके हैं।

नीरज शर्मा ने एक विशेष किस्सा साझा करते हुए कहा:

“तमाड़ उपचुनाव के समय जब मैंने अपना इस्तीफा दिया ताकि चुनाव की तैयारी में पूरी तरह लग सकूं, तो गुरुजी बोले—‘बेटा, तेरा शरीर मोटा है, आईबी की रिपोर्ट है, वहां कैन-बम आ सकता है। अगर तुझे कुछ हो गया तो मैं तुम्हारे माता-पिता को क्या जवाब दूंगा।’ यह सोचने का अंदाज़ आज के स्वार्थी राजनीति में दुर्लभ है।”

गुरुजी का राजनीतिक जीवन
गुरुजी शिबू सोरेन का राजनीतिक जीवन बिहार विधानसभा, झारखंड विधानसभा, लोकसभा और राज्यसभा तक फैला रहा। उन्होंने जनजातीय अधिकारों, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय की बुलंद आवाज़ बनकर संघर्ष किया। वह जनता के सच्चे सेवक थे, जिनका जीवन सादगी से भरा था।

कांग्रेस पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि
पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने कांग्रेस पार्टी और टीम पंडितजी की ओर से गुरुजी को सादर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि परमपिता परमात्मा उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और उनकी बनाई हरी-भरी बगिया को सदैव फलती-फूलती रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *