जिले में राष्ट्रीय अभियान 30 सितंबर तक चलेगा सीजेएम नेहा गुप्ता

-अभियान की जानकारी के टोल फ्री नंबर 15100 पर करें संपर्क
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राष्ट्र के लिए मध्यस्थता विषय पर आधारित 90 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान शुरू किया हुआ है, जो 30 सितंबर तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि वे अपने विवादों को कोर्ट की लंबी प्रक्रिया में ले जाने की बजाय मध्यस्थता के जरिए शांतिपूर्ण और समझौता आधारित समाधान की ओर बढ़ें।
यह जानकारी देते हुए सीजेएम एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव नेहा गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है कि मध्यस्थता एक आसान, किफायती और भरोसेमंद तरीका है, जिससे समय और धन की बचत के साथ-साथ रिश्तों में सुधार भी होता है। यह प्रणाली खास तौर पर ग्रामीण भारत के लिए भी लाभकारी मानी जा रही है, जहां छोटे-छोटे मामलों में भी लोग वर्षों तक न्याय की प्रतीक्षा करते हैं। उन्होंने बताया कि मध्यस्थता के योग्य मामलों में वैवाहिक विवाद, सडक़ दुर्घटनाओं के मामले, घरेलू हिंसा (गैर-आपराधिक), चेक बाउंस, उपभोक्ता विवाद, भूमि अधिग्रहण, ऋण वसूली, बंटवारे और संपत्ति से जुड़े विवाद, सेवा और व्यवसायिक मामले शामिल हैं। इसके अलावा समझौता योग्य आपराधिक मामले भी मध्यस्थता के जरिए सुलझाए जा सकते हैं। इस अभियान का लाभ उन सभी व्यक्तियों को मिल सकता है जिनका कोई मामला किसी अदालत में लंबित है और जो परिवार, व्यक्तिगत संबंध या व्यवसाय से जुड़े विवादों में शामिल हैं। अदालतें इन पक्षों को मध्यस्थता के लिए भेजकर विवादों का समाधान शीघ्र कराने में सहयोग कर रही हैं।
सीजेएम ने बताया कि नागरिक इस अभियान से जुडऩे के लिए अपने नजदीकी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण या जिला मध्यस्थता केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही जिस न्यायालय में मामला लंबित है, वहां से भी संपर्क किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। सीजेएम ने कहा कि यह अभियान लोगों को सुरक्षित, विश्वसनीय और तेज न्याय प्रणाली से जोडऩे का प्रयास है, जिससे समाज में शांति और सहयोग का वातावरण बन सके।