पिनागवां में हुआ खेल मेला, उमड़ पड़े खिलाड़ी

0

कांग्रेस नेता इब्राहिम इंजीनियर बिसरू ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की बधाई शोभा
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | पिनगवां विजेता खिलाड़ियों को इब्राहिम इंजीनियर ने मेडल व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किए | रविवार को राजीव गांधी खेल परिसर पिनगवां में मिर्जा मुल्तानी वेलफेयर सोसाइटी के अलावा ग्राम पंचायत पिनगवां के संयुक्त तत्वाधान में खेल मेले का आयोजन किया गया। संसाधनों व खेल स्टेडियमों के अभाव के बावजूद भी इस खेल मेले में हजारों की संख्या में स्कूली छात्र व खिलाड़ी अलग – अलग खेलों में हिस्सा लेने के लिए उमड़ पड़े। मेवात जिले में खेल सुविधाओं की कमी नहीं है, लेकिन इन्हें संसाधन व स्टेडियम मुहैया करा दिए जाएं तो इस जिले में भी अच्छे नतीजे आ सकते हैं। खेल मेले में हरियाणा कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी के सदस्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता इब्राहिम इंजीनियर बिसरू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। खेल मेला में कुश्ती, कबड्डी, दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, रस्साकशी, जैवलिन थ्रो इत्यादि खेलों में खिलाड़ियों ने बढ़ – चढ़कर भाग लिया। कुल मिलाकर खेल मेले में भाग लेने वाले खिलाड़ी व दर्शक पूरे उत्साह में देखने को मिले। खेलों का आयोजन कर रही सामाजिक संस्था मिर्जा मुल्तानी वेलफेयर सोसाइटी ने कहा कि आगे भी मेवात जिले में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं समय – समय पर आयोजित कराई जाती रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में खेल तथा शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रही है। कुल मिलाकर खेल मेले के आयोजन से बच्चे पूरी तरह से उत्साहित दिखे। सबसे खास बात यह है कि कई महीने पहले तत्कालीन पुलिस कप्तान नरेंद्र सिंह बिजारनिया के प्रयासों से जिले के अधिकतर राजीव गांधी खेल परिसर में खेल गतिविधियां शुरू हुई थी। उससे पहले यह खेल परिसर खंडहर में तब्दील होते जा रहे थे। आज उसी का नतीजा है कि राजीव गांधी खेल परिसर पिनगवां में चारों तरफ खिलाड़ी और भीड़ ही दिखाई दे रही थी, जो आने वाले समय में अच्छे संकेत की तरफ इशारा कर रही है। सबसे खास बात तो यह है कि जिन बच्चियों को घरों से बाहर निकालने की इजाजत नहीं थी। वह आज मैदान में कुश्ती, दौड़ तथा खो – खो इत्यादि खेलों में पसीना बहाती हुई दिखाई दी और उनके चेहरे पर पूरी तरह से रौनक देखने को मिली। मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता इब्राहिम इंजीनियर ने कहा कि वह पुन्हाना विधानसभा से टिकट के प्रबल दावेदार हैं। पार्टी ने भरोसा जताया और अगर जनता ने उनका साथ दिया तो पुनहाना में खेल सुविधाओं की कमी नहीं रहेगी। उन्होंने सामाजिक संस्था का भी मेवात जिले में खेल मेला लगाने के लिए धन्यवाद किया और खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को खेल भावना से खेल खेलने की बात कहते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *