पटौदी विधायक सत्यप्रकाश जरावता के नेतृत्व में रेवाड़ी शहर में निकाली गई तिरंगा यात्रा

0

City24news/निकिता माधौगढ़िया
रेवाड़ी | देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों की शहादत को नमन व वंदन करने के लिए जिला मुख्यालय पर पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें जिला रेवाड़ी पुलिस के अधिकारियों व  कर्मचारियों ने हाथों मे तिरंगा झंडा लेकर जिला सचिवालय से बाल भवन (शिव चौक) तक भागीदारी करते हुए देश के वीर शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। तिरंगा यात्रा के दौरान विधायक ने विभिन्न चौराहों पर लगी महान विभूतियों की प्रतिमाओं के समक्ष शीश नवाकर नमन किया। जिला में पहुचने पर एसपी गौरव राजपुरोहित ने विशिष्ट जनों का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता की दिशा में तिरंगा यात्रा के माध्यम से जागरूकता का अहम कदम है।

विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता की भावना का प्रतीक है। हर भारतीय का तिरंगे से भावनात्मक जुड़ाव है और यह हमें राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में हर गांव, हर शहर व हर छोटे से छोटे क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है जो आमजन विशेषकर युवाओं में देशभक्ति व राष्ट्र प्रेम का संचार कर रही है।  उन्होंने कहा कि हमारी भाषा, संस्कृति, क्षेत्र, परंपराएं अलग हो सकते हैं लेकिन देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा एक है जो हम सबकी आन-बान-शान प्रतीक है। 

पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी गौरव राजपुरोहित ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान एक जन आंदोलन है और प्रत्येक देशवासी को इससे जुडऩा चाहिए। उन्होंने बताया कि जिला में हर्षोल्लास व उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा हैं। हर व्यक्ति के अंदर देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत घरों की छतों, शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, औद्योगिक इकाइयों व सरकारी भवनों पर तिरंगा फहराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के हर घर पर तिरंगे झंडे के एक साथ नजर आने से राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ सामाजिक सद्भावना और अधिक मजबूत होगी । उन्होंने कहा कि इस अभियान में विशेषकर युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी हो, ताकि समाज में राष्ट्र के प्रति एक नया जोश नजर आए। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रेवाड़ी डा. रविंदर सिंह , इंचार्ज सुरक्षा शाखा निरीक्षक सुरेश कुमार सहित जिला पुलिस के अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *