8वां राष्ट्रीय पोषण माह 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चलाया जाएगा – उपायुक्त अखिल पिलानी

– महिलाओं व बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं पर होगा विशेष फोकस
City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से स्वस्थ नारी-सशक्त नारी के तहत 8वां राष्ट्रीय पोषण माह कल 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चलाया जाएगा, जिसमें शिशु एवं छोटे बच्चों की आहार पद्धतियों, बच्चों के पोषण व उनकी देखभाल तथा शिक्षा संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत महिलाओं व एवं बच्चों के स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार व स्थानीय पौष्टिक खाद्य संसाधनों में बारे में जागरुकता लाने के कार्य किए जाएंगे तथा इसमें महिला एवं बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य मानव जीवन के महत्वपूर्ण चरणों गर्भावस्था, शैशवावस्था जन्म से लेकर बच्चे के 1 से 2 साल तक की अवधि, बचपन और किशोरावस्था के बारे में व्यापक जागरुकता पैदा करने संबंधी गतिविधियां आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कल 17 सितंबर को पूरे देश में किया जाएगा। जिसके तहत देश में 75 हजार हेल्थ कैंप भी आयोजित किए जाएंगे, जहां विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला नूंह में जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ नूंह से किया जाएगा। आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए लोगों की सोच में परिवर्तन लाकर स्वस्थ भारत के निर्माण में हम अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं। जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन लोगों की सोच को बदलने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के भी निर्देश दिए।