सांसद खेल महाकुंभ में  75,000 खिलाड़ी लेंगे भाग: अनुराग ठाकुर

0

City24News@ भावना कौशिश
नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना और प्रसारण और युवा मामले और खेल मंत्री, माननीय अनुराग सिंह ठाकुर ने आज, यानी 05 मार्च 2024 को बिलासपुर के लूहणू क्रिकेट ग्राउंड में सांसद खेल महाकुंभ 3.0 का शुभारंभ किया। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान  रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ भी मौजूद थे। इसके अतिरिक्त, लखविंदर सिंह वडाली, कुलदीप शर्मा “नाटी किंग”, और हिमाचल पुलिस बैंड के साथ अपारशक्ति खुराना भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर का लुहणू मैदान धमाकेदार आतिशबाजी से सजा था। उसी के साथ, बिलासपुर भाजपा ज़िला अध्यक्ष, पूर्व सांसद, विधायक, और अन्य भाजपा नेता भी इस अवसर पर मौजूद थे।

image.png

खेल महाकुंभ का भव्य आगाज करते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कहते हैं कि खेलोगे तभी खिलोगे। और इसीलिए सांसद खेल महाकुंभ आयोजन मेरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान कर रहा है बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चमकने का भी अवसर दे रहा है। मेरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के खिलाड़ियों को खेलने, खिलने और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सांसद खेल महाकुंभ सबसे बड़ा मंच बना है। दो सफल संस्करणों के बाद आज बिलासपुर के लुहणु मैदान में क्रिकेट जगत के बड़े सितारे श्री राहुल द्रविड़ व श्री रोहित शर्मा व अन्य गणमान्यों की गरिमामयी उपस्थिति में सांसद खेल महाकुंभ 3.0 का भव्य शुभारंभ हुआ। सांसद खेल महाकुंभ के पहले संस्करण में 40,000 और दूसरे संस्करण में 45,000 लोग इसमें शामिल हुए थे। इस बार हमने 75,000 खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। आयोजन का भाग बनने वाले सभी खिलाड़ियों को मैं अपनी शुभकामनाएं देता हूँ”

image.png

खेल महाकुंभ के बारे में बोलते हुए राहुल द्रविड़ ने कहा “ खेल महाकुंभ खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की अनुराग ठाकुर की एक अच्छी पहल है। जितना मैंने इस कार्यक्रम को देखा समझा तो ज़मीनी स्तर पर खिलाड़ियों को मंच देने, उनके अंदर प्रतिस्पर्धा बढ़ाने व उनकी प्रतिभा को निखारने का यह एक अनूठा मॉडल है जिसकी जितनी सराहना की जाए कम है। ऐसे ही आयोजनों से देश को भविष्य के खिलाड़ी मिलते हैं जो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का झंडा बुलंद करते हैं। अनुराग ठाकुर जी को व इस आयोजन में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को मैं अपनी शुभकामनाएं देता हूँ”

रोहित शर्मा ने अनुराग ठाकुर द्वारा आयोजित इस वृहद खेल कार्यक्रम को युवाओं के लिए बेहद सार्थक पहल बताते हुए कहा, “ऐसे आयोजन भविष्य के खिलाड़ियों को तराशते हैं और भारत की खेल प्रतिभाओं में चार चांद लगाते हैं। ज़मीनी स्तर पर जब ऐसे कार्यक्रम होंगे तो देश में युवा खिलाड़ियों की बढ़ोतरी होगी जो हमें क्रिकेट के साथ साथ अन्य सभी खेल विधाओं में भी अग्रणी बनाएंगे। मैं यह आयोजन और श्री अनुराग ठाकुर जी के आतिथ्य को देखकर गदगद हूँ”

अनुराग ठाकुर ने आगे इस बार के आयोजन में शामिल किए गए खेल विधाओं और अन्य जरूरी जानकारी देते हुए कहा, “इस बार खेल महाकुंभ में वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स को शामिल किया गया है। गांव/पंचायत स्तर की टीमों को सभी खेल विधाओं में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। लिंग समानता को बढ़ावा देने के लिए लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए अलग-अलग श्रेणियां बनाई जाएंगी।”

अनुराग ठाकुर ने खेल महाकुंभ के पिछले संस्करणों की जानकारी देते हुए कहा, “2018 में आयोजित सांसद खेल महाकुंभ 1.0 में 1400 से अधिक टीमों ने भाग लिया था जिसमे 42,700 से अधिक युवाओं ने 5 खेल विधाओं (बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी और क्रिकेट) में अपना करतब दिखाया। इसमें 800 से अधिक पंचायतों और 5000 से अधिक गांवों के खिलाड़ी शामिल थे। प्रतिभागियों को 20 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की गई थी।”

2023 में आयोजित सांसद खेल महाकुंभ 2.0 की जानकारी देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “इसमें 2300 से अधिक टीमों ने भाग लिया था जिसमें 45,700 से अधिक युवाओं ने अपना दमखम दिखाया। इसमें 1000 से अधिक लड़कियां शामिल थीं। 2023 में 7 खेल विधाओं (बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, कुश्ती और एथलेटिक्स) को शामिल किया गया था जिसमे 800 से अधिक पंचायतों और 5000 से अधिक गांवों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को 50 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की गई थी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *