संगठन के पदाधिकारियों ने पुन्हाना क्षेत्र में संचालित केंद्र का निरीक्षण किया।

City24news/अनिल मोहनिया
नूंह | समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत संगठन सेवा भारती नूंह जिले में संचालित अपने 11 केंद्रों के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान का कार्य कर रहा है। इन केंद्रों पर एक ओर जहां महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई, हस्तशिल्प और अन्य स्वरोजगार प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का अभियान भी चलाया जा रहा है। रविवार को संगठन के पदाधिकारियों ने पुन्हाना क्षेत्र में संचालित केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके कौशल की सराहना की। इस अवसर पर केंद्र में पढ़ रहे बच्चों से भी मुलाकात कर उनके अध्ययन स्तर की जानकारी ली गई। जिले के केन्द्र प्रभारी राजीव कुमार, सेवा विभाग के प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि सेवा भारती का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाना है। महिलाओं को हुनर सिखाकर उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि वे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ समाज में सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें। साथ ही बच्चों को प्राथमिक शिक्षा देकर आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने प्रशिक्षकों से भी चर्चा की और केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन केंद्रों की संख्या बढ़ाकर अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों को इसका लाभ पहुंचाया जाएगा। वर्ष 2011 से संचालित पुन्हाना के केन्द्र से 451 महिलाएं प्रशिक्षण ले चुकी है। क्षेत्र के लोगों ने भी सेवा भारती के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे केंद्र गांव की महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। कई महिलाएं यहां से प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं और अपने परिवार की मदद कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान सेवा भारती के पुन्हाना प्रधान सुभाष, सचिव दाताराम सहित संघ के प्रचार विभाग से नवीन कुमार मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन- प्रशिक्षित महिलाओं व किशोरियों को प्रमाण पत्र वितरित करते संगठन के पदाधिकारी।