मकान से 80 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद, गो-तस्कर फरार,पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की कार्रवाई।
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह सीएस स्टाफ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव सादई से करीब 80 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। हालांकि, पुलिस पार्टी को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सीएस नूंह की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि साहुन निवासी गांव सादई, गो-तस्करी में संलिप्त है,जो फिलहाल मोटरसाइकिल पर प्रतिबंधित मांस लेकर अपने घर पहुंचा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गांव सादई में आरोपी के मकान पर दबिश दी। जहां पुलिस को देखकर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर रखे मांस को छोड़कर मकान की दीवार फांदकर फरार हो गया। गुप्तचर ने उसकी पहचान साहुन के रूप में की। मौके से मिली मोटरसाइकिल के साथ खुर्जी में रखा लगभग 80 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया, जिसे पुलिस कब्जे में लिया गया। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
