पुन्हाना में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय ढंग से सम्पन्न

0

-मेयर राजरानी ने फहराया ध्वज, संविधान व राष्ट्र निर्माण का लिया गया संकल्प
City24News/अनिल मोहनिया

नूंह | राजकीय माध्यमिक विद्यालय (बाल) पुन्हाना में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में गुड़गांव की मेयर राजरानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा मार्च पास्ट में शामिल टुकड़ियों की सलामी ली।

मुख्य अतिथि ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ भारतीय संविधान देश को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और लोकतंत्र की सशक्त नींव प्रदान करता है। यह दिन हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की चहुंमुखी प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना चुका है। चंद्रयान-3 की सफलता भारत की वैज्ञानिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

हरियाणा की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कृषि, उद्योग और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। परिवार पहचान पत्र, चिरायु योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाएं, किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाएं तथा महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण की पहलें सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी, तकनीक आधारित और जनहितकारी शासन के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सैनिकों, किसानों, मजदूरों, खिलाड़ियों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

इस अवसर पर एसडीएम पुनहाना कंवर आदित्य विक्रम, नगर पालिका अध्यक्ष बलराज सिंगल, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया।

अंत में उपस्थित सभी नागरिकों ने संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed