नूंह में कांग्रेस ने आफताब की अगुवाई में किया डॉ मनमोहन सिंह को याद
-मुल्क की अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र को मजबूत किया : आफताब अहमद
City24News/अनिल मोहनिया
नूंह | नूंह में शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर कांग्रेस के नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद के कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें खिराज ए अकीदत पेश की।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि उनके नेतृत्व ने भारत की अर्थव्यवस्था एवं लोकतंत्र को मजबूती दी। सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पंजाब के गाह गांव में हुआ था जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। सिंह 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। 26 दिसंबर 2024 को उनका निधन हो गया था।
विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि पर, हम एक सत्यनिष्ठा, विनम्रता और दूरदर्शिता वाले राजनेता को याद करते हैं। वे निस्वार्थ और दृढ़ संकल्प के साथ देश की सेवा करने वाले प्रधानमंत्री रहे। डॉ सिंह समानता में विश्वास रखने वाले, दृढ़ निश्चयी, साहसी और गरिमापूर्ण व्यक्तित्व की मिसाल थे। वे सच्चे अर्थों में देश की प्रगति के लिए समर्पित रहे। उनकी सादगी, ईमानदारी और देश के प्रति उनका समर्पण सदैव हम सबको प्रेरणा देता रहेगा।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने 2005 के सूचना का अधिकार कानून के जरिए पारदर्शिता को बढ़ावा दिया और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के माध्यम से श्रम की गरिमा को मजबूत किया।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि उनका नेतृत्व सुधार, करुणा और जिम्मेदारी का संतुलन था। भारत उन्हें ऐसे नेता के रूप में याद करता है, जिन्होंने राजनीति से ऊपर देश और संस्थानों को रखा। जबकि आज के समय सत्ता का प्रभाव हर संस्थान पर दिखाई दे रहा है।
विधायक आफताब अहमद ने कहा कि वे भारत गणराज्य के 13वें प्रधानमंत्री और एक कुशल अर्थशास्त्री थे। उन्होंने बताया कि 2009 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद, वे जवाहरलाल नेहरू के बाद दूसरे ऐसे प्रधानमंत्री बने जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने का अवसर प्राप्त किया।
विधायक आफ़ताब अहमद ने डॉ. मनमोहन सिंह के आर्थिक सुधारों को सराहा। उन्होंने कहा कि 21 जून 1991 से 16 मई 1996 तक पी.वी. नरसिंह राव के प्रधानमंत्रित्व काल में वित्त मंत्री के रूप में किए गए उनके आर्थिक सुधारों के लिए उन्हें विशेष रूप से याद किया जाता है।
विधायक आफताब ने कहा कि हरियाणा व मेवात के विकास में भी पूर्व प्रधानमंत्री का विशेष योगदान रहा, शहीद हसन खान मेवाती मेडीकल कॉलेज नलहड़, सड़कों का जाल, बुनियादी ढांचा यूपीए सरकार में उनके नेतृत्व में नूंह जिले को मिले। शिक्षा के क्षेत्र में मानू संस्थान सहित कई परियोजनाएं मिली।
