आपसी रंजिश में 50 वर्षीय व्यक्ति को बेरहमी से पीटा, अस्पताल में दम तोड़ा

0

-कनीना उपमंडल के गांव झाड़ली में रविवार रात्री घटित हुई घटना
-डीएसपी व थानाध्यक्ष दलबल सहित मौके पर पहुंचे
City24News/सुनील दीक्षित

कनीना | कनीना उपमंडल के गांव झाड़ली में रविवार रात्रि करीब साढ़े आठ बजे पुरानी रंजिश को लेकर एक गुट के सदस्यों ने दूसरे गुट के एक व्यक्ति पर रास्ता सरेआम पर हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया जिसने पीजीआईएमएस रोहतक में उपचार के दौरान दम तोड दिया। जहां सोमवार को पुलिस की ओर से शव का पीजीआईएमएस रोहतक में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सोमवार सुबह कनीना के डीएसपी दिनेश कुमार, थाना इंचार्ज निरीक्षक देवेंद्र सिंह सहित पुलिस के विशेष दस्ते एवं सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौका निरीक्षण कर छानबीन की। उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उसके आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की पहचान अनिल कुमार, उर्फ बिल्लू 50 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने उस समय घटना को अंजाम दिया जब अनिल कुमार गांव में ही आयोजित एक कुआं पूजन के दावत समारोह में हिस्सा लेने गया था। जिसकी पीट-पीटकर कर बुरी हालत कर दी। घायल को उप नागरिक अस्पताल कनीना में दाखिल कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कनीना सदर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। और तत्काल जांच कार्रवाई में जुट गई। पुलिस जांच में सामने आया कि अनिल उर्फ बिल्लू का गांव के ही राजकुमार व विनोद से किसी बात को लेकर विवाद था जो झगडे में बदल गया। व्यक्ति की मौत की खबर मिलते ही गांव ने सन्नाटा छा गया वहीं परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार दिनभर गांव की गलियां सुनसान दिखाई दी।  
बताया जा रहा है कि मृतक अनिल उर्फ बिल्लू और आरोपी हत्यारोपी राजकुमार व विनोद के बीच पिछले करीब दस वर्षों से आपसी रंजिश चली आ रही है। जानकारी के अनुसार करीब छह माह पूर्व भी मृतक अनिल उर्फ बिल्लू व राजकुमार तथा विनोद में मारपीट हुई थी। जिसमें अनिल उर्फ बिल्लू ने उनको चोट मारी थी। उस घटना के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। उसी पुरानी रंजिश के चलते बीती रात घटना घटित हुई। फिलहाल डीएसपी ने पूरे मामले पर नजर बना रखी है, गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पहले भी सुर्खियों में रहा है गांव
बता दें कि झाडली गांव पहले भी सुर्खियों में रहा है। जहां करीब छह वर्ष पूर्व भी झाडली गांव में आपसी पारिवारिक विवाद में भारतीय थल सेना में कार्यरत फौजी की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। इससे पूर्व गांव के तत्कालीन सरपंच पर फायरिंग की गई थी जो बाल-बाल बच निकला था।
डीएसपी दिनेश कुमार ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नजर रखी जा रही है।

कनीना सदर थाना इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या में संलिप्त आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
कनीना-मर्डर की घटना के बाद सोमवार सुबह झाडली पहुंचे डीएसपी दिनेश कुमार व थाना इंचार्ज देवेंद्र सिंह मौका निरीक्षण करते हुए तथा मृतक अनिल उर्फ बिल्लू का फाइल फोटो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *