आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम साबित होगा केंद्रीय बजट

0

-आम आदमी, मजदूर, किसान, महिला और युवा सभी वर्गों को मिला लाभ
-हर जिला अस्पताल में मिलेंगी ट्रामा सेंटर की सुविधाएं वहीं हर जिले में बनेगी बेटियों के लिए हॉस्टल – जतिन बुसरी मीडिया प्रभारी
City24News/अनिल मोहनिया

नूंह | केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को संसद में प्रस्तुत किए गए आम बजट को नूंह जिला स्तर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गंभीरता, उत्साह और सकारात्मक उम्मीदों के साथ सुना। नूंह जिला भाजपा मुख्यालय पर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू की अध्यक्षता में बजट का लाइव प्रसारण देखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की सोच को और मजबूती देने वाला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बजट के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आम नागरिक को राहत देने का संतुलित प्रयास किया है। बजट में किसान, मजदूर, महिला, युवा, व्यापारी, गरीब एवं मध्यम वर्ग सभी की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। पांच लाख से ज्यादा की आबादी वाले शहरों में इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए विशेष अनुदान का प्रावधान लाया गया है। वहीं जब से मोदी सरकार देश में आयी है तब से 25 करोड़ लोग ग़रीबी रेखा से बाहर निकले है। 

हर मंडल मुख्यालय पर हुआ बजट का सीधा प्रसारण

भाजपा द्वारा नूंह जिले के सभी 13 मंडलों के मंडल मुख्यालयों पर भी बजट के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक मंडल में मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बजट को देखा और सुना। इस दौरान कार्यकर्ताओं में बजट को लेकर उत्साह देखने को मिला और उन्होंने इसे जनहितकारी एवं विकासोन्मुखी बताया।

जिला बजट समिति के संयोजक व पूर्व विधायक नसीम अहमद तथा सह संयोजक जतिन बुसरी, लाजपत राय एडवोकेट, दिनेश नागपाल एडवोकेट, ममता कोशिक जिला सचिव सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी पखवाड़े में भाजपा कार्यकर्ता जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बजट की प्रमुख बातों को हर घर तक पहुंचाएंगे।

मजदूर और आम आदमी के लिए स्वर्णिम अवसर : जतिन बुसरी

जिला बजट समिति के सह संयोजक जतिन बुसरी ने कहा कि यह बजट विशेष रूप से आम आदमी और मजदूर वर्ग के लिए एक स्वर्णिम अवसर लेकर आया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को मजबूत किया है, जिससे मजदूर और निम्न आय वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।

किसान हितैषी बजट, कैंसर की दवाओं में विशेष छूट

पूर्व विधायक एवं जिला बजट समिति के संयोजक नसीम अहमद ने बजट को किसान हितैषी बताते हुए कहा कि इसमें कृषि क्षेत्र को सशक्त करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसमें कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं पर विशेष छूट आमजन के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

विकास को नई गति देगा बजट

जिला स्तरीय बजट कार्यक्रम में जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े मार्किट कमेटी चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, नगरपालिका चेयरमैन, जिला कार्यकारिणी सदस्य, एमिनेंट पर्सन, ग्रीवेंस मैंबर, मनोनीत पार्षद, जिला महामंत्री सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर बजट के प्रमुख प्रावधानों को ध्यानपूर्वक सुना और उस पर विचार-विमर्श किया।

जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू ने अपने संबोधन में कहा कि बजट में ग्रामीण विकास, सड़क, रेल, जल आपूर्ति, आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी क्षेत्रों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। इससे गांव से लेकर शहर तक विकास की रफ्तार तेज होगी और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा कौशल विकास योजनाओं को विस्तार देने से देश का युवा वर्ग आत्मनिर्भर बनेगा। महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी।

विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ता कदम

जिलाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें आर्थिक प्रगति के साथ सामाजिक संतुलन बनाए रखा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आम नागरिक के जीवन स्तर में सुधार होगा। अंत में उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर बजट टोली का गठन किया गया है, जो पार्टी पदाधिकारियों के साथ मिलकर जिले के प्रत्येक गांव और वार्ड में जाकर आमजन को बजट के लाभों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगी, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *