अधिकारियों की चुस्ती के चलते जिले में स्वच्छता अभियान जोरों पर

-जीरो वेस्ट और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध
-इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चलाया जायेगा जांच व चालान अभियान
-नपा प्रशासन व डीएमसी उतरे फील्ड में, व्यवस्थाओं का ले रहे जायजा
City24news/सुनील दीक्षित
कनीना | कनीना नगरपालिका सहित समूचे महेंद्रगढ़ जिले में सफाई अभियान जोरों पर है। जिसका जायजा लेने के लिए नपा प्रशासन व स्वयं डीएमसी फील्ड में उतर गए हैं। उनकी ओर से जनहित की अन्य व्यवस्थाएं भी परखी जा रही हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे शहरी स्वास्थ्य अभियान के तहत प्रतिदिन गतिविधियां जारी हैं। कनीना नपा क्षेत्र में चेयरपर्सन डॉ रिम्पी लोढ़ा, सचिव कपिल कुमार सहित अन्य कर्मचारी साफ-सफाई, पौधारोपण जैसे कार्य में जुटे हुए हैं। उनकी ओर से जीरो वेस्ट और सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलीथिन पर प्रतिबंध के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसका उद्देश्य नागरिकों को कचरा कम करने और पर्यावरण के अनुकूल आदतों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। शहर में सड़कों की सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। अभियान के तहत घर-घर जाकर कचरा इकट्ठा करने का काम भी किया जा रहा है। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी कचरा सड़कों पर न रहे। इसके साथ ही शहर से आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान भी चलाया गया है जिससे शहर में साफ-सफाई और सुरक्षा बनी रहे। लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध के बारे में जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह ने बताया कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि महेंद्रगढ़ जिला पूरी तरह से स्वच्छ और स्वस्थ शहर नहीं बन जाता। उन्होंने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण पहल में सहयोग करने की अपील की।
कनीना-कनीना में सफाई करने वाली टीम।